फूलपुर और प्रयागराज में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की संयुक्त रैली में हंगामा
यूपी के फूलपुर और प्रयागराज में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की संयुक्त रैली में जमकर हंगामा हुआ। जानकारी के मुताबिक, कार्यकर्ता बैरिकेडिंग फांदकर स्टेज के करीब पहुंच गए। इसके बाद फूलपुर में राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने स्टेज पर मौजूद नेताओं से मुलाकात करके वहां से प्रस्थान कर लिया और जनसभा को संबोधित नहीं किया।
फूलपुर के बाद प्रयागराज में इंडिया ब्लॉक की संयुक्त रैली हुई। यहां राहुल गांधी पहले से ही मंच पर मौजूद थे, और थोड़ी देर बाद अखिलेश यादव भी मंच पर पहुंचे। ग्राउंड पर मौजूद कार्यकर्ता फिर से आगे बढ़ने लगे और मंच से संयम बनाए रखने की अपील के बावजूद बैरिकेडिंग तोड़कर मंच के करीब पहुंच गए।
अखिलेश यादव ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी बात रखने आए हैं और कार्यकर्ताओं के उत्साह को वोटिंग की तारीख तक बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर संविधान बचेगा तो नौकरी मिलेगी और पीडीए परिवार का सम्मान बचेगा। उन्होंने पेपर लीक का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला और कहा कि अगर इंडिया ब्लॉक सत्ता में आया तो अग्निवीर योजना खत्म कर देंगे।
राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर हमला बोला और कहा कि मोदी ने 22 लोगों को अरबपति बनाया है, जबकि वे करोड़ों लोगों को लखपति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हर गरीब परिवार में से एक महिला के बैंक अकाउंट में सालाना एक लाख रुपये यानी हर महीने 8500 रुपये भेजे जाएंगे और सत्ता में आने पर किसानों का कर्जा माफ करेंगे।
