बिहार की सारण लोकसभा सीट पर सोमवार को हुए पांचवें चरण के मतदान के बाद हिंसा की खबर सामने आई है। इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की उम्मीदवार रोहिणी आचार्य हैं। सोमवार शाम को मतदान समाप्त होने के बाद छपरा शहर के जिस बूथ पर वे पहुंची थीं, वहां जमकर हंगामा हुआ।
मामले में विवाद बढ़ने पर मंगलवार को सारण में दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोगों को गोली लगी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद छपरा के भिखारी ठाकुर चौक के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मौके पर एसपी और डीएम भी मौजूद हैं। बता दें कि सोमवार शाम को आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य इसी इलाके के बूथ संख्या 118 पर पहुंची थीं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोहिणी आचार्य ने बूथ पर पहुंचकर मतदाताओं के साथ गलत बर्ताव किया था और उनके साथ समर्थक भी थे। आक्रोशित भीड़ को देखते हुए रोहिणी आचार्य को वहां से निकलना पड़ा था, लेकिन मंगलवार सुबह नए सिरे से विवाद बढ़ गया और गोलीबारी हुई।
