बीजेपी सांसद वी श्रीनिवास प्रसाद का निधन, कर्नाटक से थे सांसद ICU में थे भर्ती

बीजेपी सांसद वी श्रीनिवास प्रसाद का निधन, कर्नाटक से थे सांसद ICU में थे भर्ती
Spread the love

अंतिम दर्शन के लिए वी श्रीनिवास प्रसाद का पार्थिव शरीर आज मैसूरु में उनके जयलक्ष्मीपुरम आवास पर लाया जाएगा। वी श्रीनिवास चामराजनगर से 7 बार सांसद और नंजनगुड से 2 बार विधायक रहे.

कर्नाटक के चामराजनगर से बीजेपी सांसद वी श्रीनिवास प्रसाद का रविवार रात बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले 4 दिनों से आईसीयू में थे। श्रीनिवास कई बीमारियों से पीड़ित थे और उन्हें 22 अप्रैल को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मल्टी-ऑर्गन फेल्योर की वजह से उनका निधन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर आज मैसूरु में उनके जयलक्ष्मीपुरम आवास पर लाया जाएगा। वी श्रीनिवास चामराजनगर से 7 बार सांसद और नंजनगुड से 2 बार विधायक रहे। उन्होंने हाल ही में चुनावी राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया था.

निर्दलीय चुनाव लड़कर शुरू किया था सियासी सफर

वी श्रीनिवास प्रसाद का जन्म 6 जुलाई, 1947 को मैसूर के अशोकपुरम में हुआ था। उन्होंने 17 मार्च, 1974 को कृष्णराज विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में निर्दलीय के रूप में चुनावी राजनीति में प्रवेश किया। वह बचपन से 1972 तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक थे और जनसंघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में एक्टिव थे। एक दलित नेता और राजनीतिज्ञ होने के अलावा, वह पढ़ाई में भी अच्छे थे.

14 बार लड़े, 8 बार जीते

वी श्रीनिवास प्रसाद ने कुल 14 चुनाव लड़े, जिनमें से आठ में जीत हासिल की। उन्होंने चामराजनगर निर्वाचन क्षेत्र से नौ लोकसभा चुनाव लड़ा और छह में विजयी हुए। उन्होंने 1999 से 2004 तक लोकजनशक्ति सांसद के रूप में एबी वाजपेयी मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। वह दो बार विधायक चुने गए और कर्नाटक के राजस्व मंत्री के रूप में कार्य किया.

पीएम मोदी ने जताया शोक

वी श्रीनिवास के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए कहा कि सीनियर नेता और चामराजनगर से सांसद वी. श्रीनिवास प्रसाद के निधन से मुझे अत्यंत दुख हुआ है। वह सामाजिक न्याय के समर्थक थे, उन्होंने अपना जीवन गरीबों, वंचितों और हाशिये पर पड़े लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। सामुदायिक सेवा के अपने तमाम कार्यों के लिए वे बहुत लोकप्रिय थे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *