हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव 2024 में अपनी पार्टियों के शानदार प्रदर्शन के बाद कई क्षेत्रीय नेताओं ने सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता हासिल की है। इनमें से कुछ नेताओं ने तो महज एक ही हफ्ते में अपने फॉलोअर्स की संख्या में कई गुना वृद्धि दर्ज की है। समाजवादी पार्टी, तेलुगु देशम पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जन सेना पार्टी उन क्षेत्रीय दलों में शामिल हैं, जिन्होंने 4 जून को सबको चौंका दिया। इनमें से कुछ नेताओं ने नरेंद्र मोदी सरकार 3.0 में भी हिस्सेदारी हासिल की है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी 272 सीटों के जादुई आंकड़े को छूने में असफल रही।
इंडिया टुडे के विश्लेषण से पता चलता है कि बीजेपी के सबसे बड़े सहयोगी दल तेलुगु देशम पार्टी के नेता एन चंद्रबाबू नायडू को X (पूर्व में ट्विटर) पर सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। जबकि एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान ने इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स जोड़े हैं।
X पर बढ़े हुए फॉलोअर्स:
4 जून को चुनावी नतीजों के सात दिनों के भीतर नायडू के X अकाउंट पर 1 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स की बढ़ोतरी हुई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव 82,500 से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद जन सेना पार्टी के पवन कल्याण (73,400), चिराग पासवान (61,440) और जेडी(यू) के प्रमुख नीतीश कुमार (58,900) का स्थान रहा।
4 जून से 10 जून के बीच हर रोज़ नायडू के औसतन 15,382 फॉलोअर्स बढ़े, जबकि पिछले महीने प्रतिदिन 146 फॉलोअर्स बढ़े थे। अखिलेश यादव के प्रतिदिन लगभग 11,800 फॉलोअर्स बढ़े, जबकि मई में यह संख्या प्रतिदिन औसतन 2,860 थी। इसी तरह, पवन कल्याण की हफ्ते भर की औसत दैनिक वृद्धि मई की तुलना में लगभग 12 गुना ज्यादा थी।
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में बढ़ोतरी:
नवनियुक्त केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान इंस्टाग्राम पर निर्विवाद विजेता रहे। मार्च के अंत में उनके अकाउंट पर 5.95 लाख फॉलोअर्स थे, जो इस आर्टिकल के लिखे जाने तक 29.6 लाख हो गए हैं। इस संख्या में नतीजों के बाद बढ़े 18.6 लाख फॉलोअर्स शामिल हैं।
अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण इंस्टाग्राम पर दूसरे सबसे बड़े लाभार्थी रहे, जिनके फॉलोअर्स की संख्या में इस हफ्ते 2.3 लाख की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद अखिलेश यादव (1 लाख से ज्यादा) और एन चंद्रबाबू नायडू (48,600 से ज्यादा) का स्थान रहा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का इस प्लेटफॉर्म पर आधिकारिक अकाउंट नहीं है।
नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी:
नेशनल लीडर्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सप्ताह के दौरान X पर अपने फॉलोअर्स की कुल बढ़ोतरी में दबदबा कायम रखा। हालांकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस दौरान अपने दैनिक फॉलोअर्स की बढ़ोतरी के मामले में पिछले महीने की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। राहुल गांधी ने 4 जून से प्रतिदिन 28,607 यूजर्स जोड़े, जबकि मई में उनके औसतन 8,202 फॉलोअर्स थे। वहीं पीएम मोदी ने 4 जून से 10 जून के बीच प्रतिदिन औसतन 55,732 फॉलोअर्स प्राप्त किए, जबकि मई में यह संख्या प्रतिदिन औसतन 20,926 थी।
इंस्टाग्राम पर, पीएम मोदी के प्रतिदिन 1.4 लाख की तुलना में राहुल गांधी के प्रतिदिन 1.9 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़े।
