“सेक्स टेप कांड: कुमारस्वामी को फंसाने के लिए डीके शिवकुमार ने दिए 100 करोड़ का ऑफर – BJP नेता का बड़ा आरोप”

"सेक्स टेप कांड: कुमारस्वामी को फंसाने के लिए डीके शिवकुमार ने दिए 100 करोड़ का ऑफर - BJP नेता का बड़ा आरोप"
Spread the love

कर्नाटक के जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े सेक्स टेप केस में बीजेपी नेता देवराजे गौड़ा ने कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गौड़ा का दावा है कि डीके शिवकुमार ने उन्हें 100 करोड़ रुपए रिश्वत की पेशकश की थी ताकि वह इस मामले में एचडी कुमारस्वामी को फंसाएं।

देवराजे गौड़ा, जो फिलहाल यौन उत्पीड़न के एक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं, ने पुलिस वैन में जाते समय यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डीके शिवकुमार ने उनसे फोन पर संपर्क कर प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े वीडियो बांटने के लिए कुमारस्वामी को दोषी ठहराने का प्रस्ताव दिया था और उन्हें सुरक्षा देने का भी वादा किया था।

गौड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि डीके शिवकुमार ने उनके पूर्व ड्राइवर कार्तिक से पेन ड्राइव प्राप्त करने के लिए भी उन्हें बहुत सारा कैश ऑफर किया था।

दूसरे चरण से पहले सामने आई क्लिप्स

विवाद प्रज्वल रेवन्ना के कथित लीक वीडियो की पेन-ड्राइव पर केंद्रित है। 26 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान से कुछ दिन पहले ये क्लिप्स सामने आई थीं। इन वीडियोज में कथित तौर पर प्रज्वल रेवन्ना शामिल थे। पेन ड्राइव कथित तौर पर प्रज्वल के पूर्व ड्राइवर कार्तिक गौड़ा के जरिए गौड़ा को मिली थी।

कार्तिक से किसने ली पेन ड्राइव?

देवराजे गौड़ा के मुताबिक, डीके शिवकुमार ने पूरी योजना बनाई और कार्तिक से पेन ड्राइव ली। गौड़ा ने इस मामले में कई राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि साजिश के हिस्से के रूप में चार मंत्री – चालुवरया स्वामी, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खड़गे, और एक अन्य मंत्री शामिल थे।

PM को भी करना चाहते थे बदनाम

गौड़ा ने आरोप लगाया कि डीके शिवकुमार ने उन्हें 100 करोड़ रुपये की पेशकश की थी और बॉरिंग क्लब के कमरा नंबर 110 में 5 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि देने आए थे। नकदी सौंपने और बातचीत के लिए उन्होंने चन्नारायपटना से गोपालस्वामी को भेजा था। गौड़ा ने यह भी कहा कि डीके शिवकुमार ही वह व्यक्ति थे, जिन्होंने 100 करोड़ रुपये नकद की पेशकश की थी, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करना चाहते थे। डीके शिवकुमार यह भी दिखाना चाहते थे कि इसके पीछे पीएम मोदी हैं।

कानूनी एक्शन में फंसाने की कोशिश

पूर्व मंत्री गौड़ा ने आरोप लगाया है कि रिश्वतखोरी की कोशिश नाकाम होने के बाद उन्हें कानूनी परेशानियों में फंसाने की कोशिश की गई। गौड़ा ने कहा, “मैं इस भ्रष्टाचार से सहमत नहीं था, इसलिए उन्होंने मुझे अत्याचार के मामले में फंसाने की कोशिश की। जब उन्हें कोई ठोस सबूत नहीं मिला, तो उन्होंने एक अन्य महिला पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया। जब इससे भी बात नहीं बनी, तो उन्होंने एक दुष्कर्म का मामला दायर किया। लेकिन चार दिनों की पुलिस हिरासत में जांच के बावजूद, उन्हें इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं मिला।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *