उग्र भीड़, पुलिस पर गुस्सा और अस्पताल में तोड़फोड़… कोलकाता रेप-मर्डर पर आधी रात हुआ बवाल

उग्र भीड़, पुलिस पर गुस्सा और अस्पताल में तोड़फोड़… कोलकाता रेप-मर्डर पर आधी रात हुआ बवाल
Spread the love

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में गुरुवार आधी रात अज्ञात प्रदर्शनकारियों ने प्रवेश किया और अस्पताल के अंदर उन हिस्सों में तोड़फोड़ की, जहां पिछले सप्ताह एक महिला डॉक्टर का शव मिला था. बीजेपी ने इसे लेकर कोलकाता पुलिस पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि जानबूझकर प्रदर्शनकारियों के भेष में टीएमसी के गुंडों ने यहां आकर सबूत मिठाए.

Table of Contents

‘रिक्लेम द नाइट’ विरोध प्रदर्शन: महिलाओं की आजादी की खातिर

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में लेडी डॉक्टर के साथ हुई रेप और मर्डर की वारदात के विरोध में बुधवार रात देश को कई जगहों पर रात 11:55 बजे ‘रिक्लेम द नाइट’ नाम का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ. इसका मतलब है- रात पर अपना अधिकार हासिल करना. इस प्रदर्शन को आजादी की आधी रात में महिलाओं की आजादी की खातिर प्रदर्शन का नाम दिया गया. देखते ही देखते कोलकाता में आयोजित विरोध- प्रदर्शन हिंसक हो गया.

हिंसक भीड़ का कहर: अस्पताल में तोड़फोड़ और मारपीट

यहां आधी रात को हालात उस वक्त बिगड़ गए जब उग्र भीड़ हॉस्पिटल की इमरजेंसी बिल्डिंग में बैरिकेड तोड़कर घुस गई. रात करीब 12 बजे अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की गई… डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई. अस्पताल परिसर में जिस जगह प्रदर्शनकारी डॉक्टर धरना दे रहे थे, उस जगह पर भी उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की और कुर्सियां तोड़ी गईं, पंखे तोड़ दिए.

अस्पताल के अंदर तबाही का मंजर

इमरजेंसी वॉर्ड के अंदर शायद ही कुछ बचा हो. खिड़की, बेड से लेकर तमाम मेडिकल इक्विपमेंट तक सबकुछ तहस-नहस कर दिया गया. यहां तक कि अस्पताल के अंदर बने पुलिस बैरक को भी भीड़ ने तोड़ डाला. अस्पताल के बाहर पहले इंसाफ की मांग को लेकर नारे लगे और फिर देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.

अचानक हमला: इमरजेंसी बिल्डिंग पर धावा

इस भीड़ ने अचानक अस्पताल पर हमला बोल दिया. उस इमरजेंसी बिल्डिंग पर भी हमला किया गया जहां महिला डॉक्टर के साथ रेप हुआ और उसकी हत्या की गई. जिस इमारत के कोने-कोने में वारदात के सबूत छिपे हुए थे. उसी इमारत को देर रात तहस नहस कर दिया गया. पुलिस ने उग्र भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

पुलिस का बयान: 40 लोगों का ग्रुप जिम्मेदार

कोलकाता पुलिस का कहना है कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में तोड़फोड़ की. करीब 40 लोगों का एक ग्रुप प्रदर्शनकारियों में शामिल था. इन्हीं लोगों ने अस्पताल में हिंसा को अंजाम दिया. इस दौरान पुलिस वाहन और कुछ दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. भीड़ को काबू करने के लिये लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.

पुलिस कमिश्नर का बयान: गलत मीडिया अभियान के कारण हिंसा

कोलकाता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने कहा, ‘अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या कम थी जिसके कारण वह उग्र भीड़ को काबू नहीं किया जा सका. पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. महिला डॉक्टर के साथ हुए रेप और मर्डर केस में पुलिस ने पुरी ताकत के साथ काम किया लेकिन लगातार फैलाई जा रही अफवाहों की वजह से हालात बेकाबू हो गये.’

बीजेपी का आरोप: टीएमसी ने भेजे थे गुंडे

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने पोस्ट करते हुए लिखा, ‘ममता बनर्जी ने अपने टीएमसी गुंडों को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पास अराजनीतिक विरोध रैली में भेजा है. वह सोचती हैं कि वह पूरी दुनिया में सबसे चतुर इंसान हैं और लोग इस चालाकी को समझ नहीं पाएंगे कि प्रदर्शनकारियों के रूप में दिखाई देने वाले उनके गुंडे भीड़ के साथ मिल जाएंगे और आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अंदर बर्बरता को अंजाम देंगे. उन्हें पुलिस द्वारा सुरक्षित रास्ता दिया गया, जो या तो भाग गए या दूसरी तरफ देखने लगे ताकि ये गुंडे अस्पताल परिसर में प्रवेश कर सकें और महत्वपूर्ण सबूत वाले क्षेत्रों को नष्ट कर दें ताकि इसे सीबीआई द्वारा न उठाया जा सके.’

साजिश की नाकामी: रेजिडेंट डॉक्टरों के धरना मंच पर तोड़फोड़

अधिकारी ने आगे कहा, ‘वे मूर्ख टीएमसी गुंडे थे, वे योजना को अच्छी तरह से क्रियान्वित नहीं कर सके और जब उन्होंने रेजिडेंट डॉक्टरों, पीजीटी और प्रशिक्षुओं के धरना मंच पर तोड़फोड़ की तो उन्होंने अपनी पहचान प्रकट की. जो कोई एकजुटता दिखाने आया है वह विरोध प्रदर्शन के केंद्र को क्यों नष्ट करेगा? आख़िरकार पूरे राज्य में शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन हुआ, फिर आरजी कर में ही हिंसा क्यों भड़की?’

कोलकाता पुलिस पर सवाल: वक्त रहते क्यों नहीं लिया एक्शन?

सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतना बड़ा उग्र प्रदर्शन होने वाला था लेकिन कोलकाता पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी. आरजी कॉलेज के बाहर हजारों की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो रही थी तो वक्त रहते एक्शन क्यों नहीं लिया गया. आरजी कर अस्पताल के डॉक्टर्स का कहना है कि पुलिस उन्हें सुरक्षा देने में नाकाम साबित हुई है.

प्रशासन की संवेदनहीनता: सुसाइड कहकर बरगलाने की कोशिश

दरअसल आरोप लग रहे हैं कि कोलकाता पुलिस ने जांच नहीं बल्कि लीपा-पोती की. पॉस्टमार्टम देखने वाले डॉक्टर बता रहे हैं कि ये सिर्फ रेप नहीं गैंगरेप है. पहले डॉक्टर के घरवालों को बताया गया था कि बेटी ने सुसाइड कर लिया, फिर अस्पताल बुलाया और तीन घंटे तक बैठाकर रखा. ये प्रशासन की संवेदनहीनता थी, जो बरगलाने में लगा था.

डॉक्टर्स का आंदोलन और प्रिंसिपल का इस्तीफा

डॉक्टर्स के आंदोलन के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने सोमवार को इस्तीफा दिया तो कुछ ही घंटे में ममता सरकार ने प्रिंसिपल संदीप घोष का ट्रांसफर नेशनल मेडिकल कॉलेज कर दिया. इसी के बाद पूछा जाने लगा कि क्या प्रिंसिपल पर मेहरबानी दिखाने की जल्दबाजी के पीछे कोई वजह है. कोलकाता पुलिस पर भरोसा नहीं रहा तभी तो कल हाईकोर्ट ने केस सीबीआई को सौंपते हुए कहा कि ‘इस बात की पूरी संभावना है कि पुलिस की जांच में सबूत मिटा दिए जाएंगे.’

टीएमसी का पलटवार: जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की मांग

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आज रात आरजी कर में गुंडागर्दी सभी स्वीकार्य सीमाओं को पार कर गई है. एक जन प्रतिनिधि के रूप में, मैंने अभी कोलकाता पुलिस कमिश्नर से बात की, उनसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि आज की हिंसा के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की जाए, उसे जवाबदेह ठहराया जाए भले ही उसकी राजनीतिक संबद्धता कुछ भी हो. प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की मांगें उचित और जायज़ हैं. उन्हें सरकार से यही न्यूनतम उम्मीद करनी चाहिए. उनकी सुरक्षा और संरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.’

देशभर में इंसाफ की मांग: सीबीआई ने शुरू की जांच

पूरा देश और देश के सभी डॉक्टर कोलकाता की डॉक्टर बिटिया के लिए इंसाफ मांग रहे हैं. सीबीआई ने मामले की जांच शुरू कर दी है लेकिन जिस तरीके से इस रेप और हत्याकांड को पहले सुसाइड कहकर परिवार को बरगलाने की कोशिश की गई वो कई सवाल खड़े करती है.

ममता बनर्जी का बयान: दोषियों को फांसी की सजा

बीजेपी ने ममता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की मांग की है और ममता बनर्जी कह रही हैं, दोषी को फांसी की सज़ा दी जानी चाहिए. एक दिन पहले ही प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स ने अस्पताल प्रशासन पर कंस्ट्रक्शन के जरिये सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया था.


इस खबर में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए उग्र प्रदर्शन और हिंसा का विवरण दिया गया है, जिसमें महिला डॉक्टर के साथ हुए रेप और मर्डर के बाद कोलकाता पुलिस पर लगाए गए आरोपों और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं. मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं.Flash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *