मधुबन : हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के हर्षवर्धन सभागार में हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान, गुरुग्राम की महानिदेशक श्रीमती चंद्रलेखा मुखर्जी ने कार्य एवं जीवन में संतुलन विषय पर अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करे रहे रेैक्रूट महिला बैच संख्या 91 की प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। इस अवसर पर हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ सीएस राव ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

श्रीमती चंद्रलेखा मुखर्जी ने महिला कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम महिलाओं पर दोहरी जिम्मेदारी है, घर की और नौकरी में होने के कारण विभाग की भी। हमें अपने काम को समय पर व सही तरीके से करना है। हमें अपने काम को लगन के साथ करना है, कर्मयोगी बनना है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी के रूप में आपके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी होगी इस जिम्मेदारी को आपने सुंदर तरीके से निभाना है। उन्होंने कहा कि आप कार्यस्थल पर, घर में, दोस्तों में समूह बनाएं ताकि जरूरत पडऩे पर वे तुरंत आपकी मद्द करने के लिए पहुंच सकें। आपको डयूटी एव निजी जीवन में संतुलन बनाना है। ऐसी परिस्थितियां आयेगी कि रास्ते बदल जायेंगे लेकिन हमें अडिग रहना है और स्वयं के साथ-साथ दूसरो की देखभाल करना भी हमारा कर्तव्य है। उन्होंने डॉ सीएस राव निदेशक, हरियाणा पुलिस अकादमी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे स्वयं भी अनुशासन प्रिय और मेहनती है। उनकी देखरेख में हो रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में आप अनुशासन में रहकर व कड़ी मेहनत से अपना प्रशिक्षण ग्रहण करें तथा प्रशिक्षण में सीखाई गई तकनीक आपके पेशेवर जीवन में काम आयेंगी।
अकादमी की पुलिस अधीक्षक पुष्पा ने हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान की महानिदेशक चंद्रलेखा मुखर्जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके इस प्रेणादायी संबोधन से महिला प्रशिक्षणार्थियों में नई ऊर्जा का संचार होगा।
इस अवसर पर अकादमी के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ अरूण सिंह, पुलिस उप-अधीक्षक भारत भूषण, पुलिस उप-अधीक्षक रतनदीप बाली, पुलिस उप-अधीक्षक प्रदीप खत्री तथा अकादमी स्टाफ भी उपस्थित रहा।
