मुंबई के घाटकोपर होर्डिंग हादसे में मुख्य आरोपी भवेश भिंडे को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से वह फरार था और पुलिस की नौ टीमें सात अलग-अलग राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं। भिंडे मेसर्स ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का मालिक है और उसे राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार किया गया है, जहां वह एक होटल में छिपा हुआ था।
सोमवार को घाटकोपर में धूल भरी आंधी के बाद 250 टन का होर्डिंग गिर गया था, जिससे अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है और 74 लोग घायल हो चुके हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
लोनावला में थी आखिरी लोकेशन
साइबर पुलिस भी भिंडे की तलाश में जुटी थी। मोबाइल बंद करने से पहले भिंडे की आखिरी लोकेशन लोनावला में पाई गई थी। इसके साथ ही, पूर्व जीआरपी कमिश्नर और आईपीएस अधिकारी कैसर खालिद से समिति द्वारा पूछताछ किए जाने की संभावना है। यह पूछताछ गिरे हुए होर्डिंग को लगाने के लिए दिए गए टेंडर में उनकी भूमिका को समझने के लिए की जाएगी।
अब तक 16 लोगों की मौत
घाटकोपर हादसे के बाद बीएमसी ने नए होर्डिंग्स की अनुमति पर रोक लगा दी है और एक नई पॉलिसी की योजना बनाई है। दरअसल, 13 मई को मुंबई में अचानक तूफान आया और बारिश हुई। धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलने से घाटकोपर के छेदा नगर इलाके में एक बड़ा होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर गया, जिससे वीभत्स हादसा हो गया। सोमवार शाम से ही मौके पर बचाव अभियान चलाया गया। शुरुआत में 14 लोगों के शव मिले थे और 77 घायलों को अस्पताल भेजा गया था। गुरुवार सुबह तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई और 74 लोग घायल होने की खबर है।
